
रिपोर्टर:-उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में आयोजित प्रथम खेलो इंडिया जनजातीय (ट्राइबल) गेम्स में साहिबगंज जिले के होनहार एथलीट एमानुएल किस्कू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4×100 मीटर रिले दौड़ में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। इस उपलब्धि से पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता खेल एवं युवा मामले, भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 25 मार्च से 3 अप्रैल तक आयोजित की जा रही है। देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच एमानुएल किस्कू ने बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
एमानुएल किस्कू, जो खेल विभाग द्वारा संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षु हैं, ने कोच योगेश यादव के मार्गदर्शन में यह उपलब्धि हासिल की। महज 15 वर्ष की उम्र में सीनियर पुरुष वर्ग में रजत पदक जीतना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। यह खेलो इंडिया एथलेटिक्स में उनका पहला पदक है। इसके अलावा उन्होंने 110 मीटर हर्डल्स प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया।
इस मौके पर खेल राज्य मंत्री (खेल एवं युवा मामले), भारत सरकार श्रीमती रक्षा निखिल खडसे एवं बस्तर कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने एमानुएल किस्कू को पदक एवं सम्मान प्रदान किया।
एमानुएल की इस सफलता पर उपायुक्त श्री हेमंत सती, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, आईटीडीए निदेशक संजय कुमार, अपर समाहर्ता गौतम भगत, जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गा नंद झा, जिला खेल पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष सहित जिले के खेल प्रेमियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
एमानुएल की इस उपलब्धि ने न केवल जिले बल्कि पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है और अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना है।

