
रिपोर्ट :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। झारखंड असम विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। पार्टी अब राज्य में अपनी उपस्थिति मजबूत करने के लिए लगातार जनसंपर्क और सभाओं पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में झामुमो के केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा बुधवार को असम के चुनावी दौरे पर पहुंचे।
दौरे के दौरान उन्होंने खूंतई विधानसभा क्षेत्र के पूरा बंगला में आयोजित होने वाली प्रस्तावित जनसभा स्थल का निरीक्षण किया। इस जनसभा को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन संबोधित करेंगे। सभा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है और इसे झामुमो के लिए अहम राजनीतिक कदम माना जा रहा है।
निरीक्षण के क्रम में पंकज मिश्रा ने सभा स्थल की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मंच, सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग सहित अन्य जरूरी इंतजामों की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटें।
इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान उर्फ छोटू पासवान, पतना प्रखंड अध्यक्ष गुरु हेंब्रम सहित कई स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर सभा को भव्य और सफल बनाने का संकल्प लिया।
गौरतलब है कि असम में झामुमो की यह सक्रियता पार्टी के विस्तार की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की प्रस्तावित जनसभा से पार्टी को राज्य में राजनीतिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

