
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। रेलवे परिसर और ट्रेनों में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जमालपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में पार्सल कार्यालय से अवैध विदेशी शराब की खेप बरामद की गई है।
मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सीआईबी/जमालपुर एवं वाणिज्य विभाग की टीम ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर पार्सल कार्यालय में जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान “ताजी सब्जियां” के नाम पर बुक किए गए चार बैग वाले एक पार्सल पर संदेह हुआ। जब वाणिज्य विभाग और पार्सल कर्मचारियों की मौजूदगी में पार्सलों को खोला गया, तो सभी हैरान रह गए। अंदर से कुल 234 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई, जिन्हें चालाकी से छिपाकर भेजा जा रहा था।
प्राथमिक जांच में यह मामला पार्सल सेवा के दुरुपयोग का सामने आया है, जिसमें गलत जानकारी देकर अवैध वस्तुओं का परिवहन किया जा रहा था। बरामद शराब एवं पार्सल को रेलवे सुरक्षा बल और वाणिज्य विभाग ने जब्त कर लिया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसरों को अवैध गतिविधियों से मुक्त रखने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। मालदा मंडल ने स्पष्ट किया है कि पार्सल सेवाओं के दुरुपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


