अमेठी में 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा; पुलिस की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा गया।

रिपोर्ट :- नीरज शर्मा
अमेठी।जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देखकर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए। काफी देर तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पूरा मामला संग्रामपुर थाना क्षेत्र के कनू गांव का है। जानकारी के मुताबिक, पूरे पहाड़ पुन्नपुर निवासी अजीत अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना की खबर मिलते ही उसकी पत्नी रीता अपने दो मासूम बच्चों के साथ मौके पर पहुंच गई। पत्नी और बच्चे टावर के नीचे खड़े होकर पिता के सुरक्षित उतरने का इंतजार करते रहे। वहीं युवक की मां मालती भी मौके पर पहुंच गईं।
परिजनों की आंखें टावर पर चढ़े अजीत पर टिकी रहीं। एक तरफ पत्नी और दो मासूम बच्चे अपने पिता के सुरक्षित लौटने की राह देख रहे थे, तो दूसरी तरफ मां भी बेटे की सलामती के लिए परेशान नजर आईं। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने युवक को समझाने-बुझाने के साथ नीचे उतारने की लगातार कोशिश की।
काफी मशक्कत के बाद आखिरकार पुलिस को सफलता मिली और युवक को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया गया। इसके बाद परिजनों और पुलिस ने राहत की सांस ली।
फिलहाल युवक ने किन परिस्थितियों में टावर पर चढ़ने का कदम उठाया, इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।




