
रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
उत्तराखंड/हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन में शनिवार का दिन बेहद भावुक और दुखद रहा। मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने आंसुओं को रोक नहीं पाए। मां की अर्थी को कंधा देते हुए उनकी आंखें नम हो गईं। एक मुख्यमंत्री के चेहरे पर उस वक्त एक बेटे का दर्द साफ झलक रहा था।
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पैतृक गांव पंचूर में मां के अंतिम दर्शन करने के बाद योगी आदित्यनाथ ने उनकी पार्थिव देह को कंधा दिया। इसके बाद अंतिम यात्रा हरिद्वार के चंडीघाट स्थित नमामि गंगे घाट के लिए रवाना हुई, जहां पूरे विधि-विधान के साथ सावित्री देवी का अंतिम संस्कार किया गया।
मां को अंतिम विदाई देने का यह दृश्य हर किसी को भावुक कर देने वाला रहा। योगी आदित्यनाथ जैसे ही अपनी मां की अर्थी को कंधा देने पहुंचे, उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। सार्वजनिक जीवन में हमेशा दृढ़ता के साथ नजर आने वाले मुख्यमंत्री इस व्यक्तिगत दुख के क्षण में एक बेटे के रूप में भावुक दिखाई दिए।
एक तरफ उत्तर प्रदेश की करोड़ों जनता की जिम्मेदारी संभालने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं, तो दूसरी तरफ मां को खोने का ऐसा दुख है, जिसकी भरपाई जीवन में कभी नहीं हो सकती। पद, प्रतिष्ठा और जिम्मेदारियों से परे मां के सामने हर इंसान सिर्फ एक बेटा होता है।
मां का साया सिर से उठ जाना जीवन की सबसे बड़ी क्षति मानी जाती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चेहरे पर छलकते आंसुओं ने मां और बेटे के रिश्ते की गहराई को बयां कर दिया।




