कौशांबी में डॉक्टर के सरकारी आवास में लाखों की चोरी का सनसनीखेज खुलासा, जीजा-साले गिरफ्तार।
6 लाख की नकदी और 25 लाख के जेवरात पर चोरों ने किया था हाथ साफ, पुलिस ने 3 लाख रुपये और सोने-चांदी के आभूषण किए बरामद।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
कौशांबी। जिला अस्पताल परिसर में डॉक्टर के सरकारी आवास का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी करने वाले शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मंझनपुर थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए दोनों आरोपी रिश्ते में जीजा-साले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और चोरी में इस्तेमाल की गई सफेद कार बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक, बीती 13 नवंबर को जिला अस्पताल परिसर स्थित डॉक्टर के सरकारी आवास को निशाना बनाते हुए शातिर चोरों ने ताला तोड़कर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर आवास से करीब 6 लाख रुपये की नकदी और लगभग 25 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए थे।
सरकारी आवास में हुई लाखों की इस चोरी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर चोरों की तलाश तेज कर दी थी लगातार छानबीन और सुराग जुटाने के बाद पुलिस ने हापुड़ निवासी अलीजान और बागपत निवासी शाकिर को गिरफ्तार कर लिया पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 3 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद कार भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है इनके खिलाफ कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद और बांदा समेत कई जनपदों में आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
इस बड़ी कार्रवाई को मंझनपुर थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया पुलिस की इस सफलता से डॉक्टर के सरकारी आवास में हुई लाखों की चोरी की गुत्थी सुलझ गई है वहीं, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य आपराधिक घटनाओं के खुलासे की भी उम्मीद जताई जा रही है।




