सेवा संकल्प अभियान में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने बिखेरा हुनर, विजेता ब्लॉक व जिला स्तर पर करेंगे प्रतिनिधित्व।

रिपोर्ट :-नीरज शर्मा
बाराबंकी। बंकी ब्लॉक के न्याय पंचायत खसपरिया अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय पल्हरी सेकेंड में सेवा संकल्प अभियान के तहत न्याय पंचायत स्तरीय चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन नोडल शिक्षक संकुल सूरज यादव के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। प्रतियोगिता में न्याय पंचायत के विभिन्न परिषदीय एवं कम्पोजिट विद्यालयों के चयनित बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।चित्रकला में बच्चों ने विकसित भारत, स्वच्छ भारत, जल संरक्षण एवं आत्मनिर्भर भारत, निबंध में शिक्षित भारत-विकसित भारत तथा भाषण में मेरे सपनों का भारत विषय पर अपनी प्रतिभा दिखाई।
भाषण प्रतियोगिता में कम्पोजिट विद्यालय संदौली उमरपुर की कक्षा 8 की छात्रा साफिया, प्राथमिक स्तर की कला में प्रा. वि. पल्हरी सेकेंड की आयुषी, जूनियर स्तर की कला में उच्च प्राथमिक विद्यालय खमरिया की माही यादव तथा निबंध में कम्पोजिट विद्यालय कुम्हरौरा की पलक गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता बच्चे अब ब्लॉक एवं जिला स्तर पर न्याय पंचायत का प्रतिनिधित्व करेंगे।निर्णायक मंडल में सुमन शुक्ला, किरन विश्वकर्मा, शुभ्रा, सोनम, पवन कुमार, लक्ष्मी, अर्चना श्रीवास्तव एवं मुमताज अहमद शामिल रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री कांत मिश्रा, उपाध्यक्ष बृजेश कुमार मौर्य, मंत्री सार्थक शुक्ला, पंकज मिश्रा, रामरूप सैनी, राजू वर्मा, श्याम सिंह सैनी तथा कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी आनन्द प्रताप सिंह सहित न्याय पंचायत के समस्त प्रधानाध्यापक एवं सहायक शिक्षक मौजूद रहे। अंत में नोडल शिक्षक सूरज यादव ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं बच्चों का आभार व्यक्त किया।




