तेज रफ्तार डंपर ने खड़े डंपर में मारी जोरदार टक्कर, खलासी घायल।

रिपोर्ट:- अंकित वर्मा
निंदूरा बाराबंकी। बड्डूपुर थाना क्षेत्र में लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर नयापुरवा गांव के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़े डंपर में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक डंपर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि खलासी घायल हो गया। घायल खलासी का नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, चालक को कोई चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार, लखनऊ की ओर से आ रहा तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डंपर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक डंपर के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही बड्डूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त डंपरों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की मौत नहीं हुई। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।



