रामपुर जहांगीराबाद के चतुर्भुज मंदिर की भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन।

रामपुर जहांगीराबाद के चतुर्भुज मंदिर की भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन।
रिपोर्ट:- नीरज शर्मा
बाराबंकी। शिवसेना शिंदे गुट जिला इकाई ने किशन कॉम्प्लेक्स स्थित कार्यालय पर पार्टी के 60 वें स्थापना दिवस के अवसर पर स्वर्गीय बाला साहब ठाकरे एवं छत्रपति शिवाजी महाराज जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की ।इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने हिंदू समाज के इन विराट महापुरुषों के योगदान को स्मरण किया,इसके उपरांत उपस्थित लोगों डीएम कार्यालय तक पदयात्रा करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर रामपुर-जहांगीराबाद स्थित प्राचीन चतुर्भुज मंदिर की भूमि से कथित अवैध कब्जे हटाने तथा मंदिर परिसर में संचालित बताए जा रहे मदरसे की मान्यता रद्द करने की मांग की।
शिवसेना जिलाध्यक्ष किशनलाल रावत के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मंदिर की बेशकीमती भूमि पर अवैध रूप से मदरसा संचालित किया जा रहा है। संगठन ने मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने और भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि मंदिर भूमि को कब्जामुक्त कराने के लिए आंदोलन चला रहे बाबा कमलदास को कथित रूप से धमकियां मिल रही हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो गया है। शिवसेना ने जिला प्रशासन से बाबा कमलदास की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
संगठन ने मंदिर परिसर में साधुओं की समाधियों को क्षति पहुंचाने के आरोपों की भी जांच कराए जाने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही मंदिर की लगभग 1200 बीघा भूमि को कब्जामुक्त कराकर उसके संरक्षण एवं प्रबंधन के लिए सरकारी ट्रस्ट गठित किए जाने का प्रस्ताव भी रखा गया।
शिवसेना शिंदे गुट के जिलाध्यक्ष किशनलाल रावत ने कहा कि यदि एक माह के भीतर मामले में संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन भेजकर आगे का आंदोलन शुरू करने पर विचार करेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान हिंदू जागरण मंच के प्रांत अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव,शिवसेना के जिला उपाध्यक्ष विवेक अवस्थी,पार्टी प्रवक्ता धर्मेंद्र मिश्र,प्रवेश रावत बंकी ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष बाबा कमल दास सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



