बरहेट में रात्रि चौपाल: मलेरिया-डेंगू समेत कई बीमारियों से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान।

बरहेट में रात्रि चौपाल: मलेरिया-डेंगू समेत कई बीमारियों से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान।
रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा, साहिबगंज
साहिबगंज। जिले के बरहेट प्रखंड अंतर्गत बोड़बांध पंचायत में बढ़ते मौसमी और संक्रामक रोगों जैसे मलेरिया, डेंगू, कालाजार, टीबी, फाइलेरिया और डायरिया को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इस चौपाल का नेतृत्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पंकज कर्मकार ने किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न बीमारियों के लक्षण, कारण और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। MPW विनोद टुडू ने बताया कि संक्रमण से बचाव के लिए बाहर से आने के बाद हाथ धोना, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना और भोजन से पहले स्वच्छता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए नियमित रूप से मच्छरदानी के उपयोग पर जोर दिया।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा समय-समय पर कीटनाशक छिड़काव कराया जाता है, ताकि संक्रामक रोगों के फैलाव को रोका जा सके। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने घरों के अंदर और आसपास छिड़काव अवश्य करवाएं और पानी जमा न होने दें।
रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की भारी भीड़ देखने को मिली। इस दौरान लगभग 100 मरीजों का मौके पर ही स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया गया, जिससे लोगों को काफी लाभ मिला।
इस अवसर पर डॉ. पंकज कर्मकार, डॉ. प्रत्यूष कमल, चिकित्सा सहायक राजेंद्र कुमार साह, बीएएम विजय भगत, केटीएस फ्रांसिस टुडू, रंजन कुमार, एमपीडब्ल्यू जोगेश कुमार, मुरलीधर मंडल, सुनील कुमार साह, विनोद टुडू, सतीश प्रसाद, तीर्थुष हांसदा, सुनील मुर्मू, सुमन कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।




