
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। राजमहल विधानसभा क्षेत्र के उधवा प्रखंड अंतर्गत केलाबाड़ी में आयोजित पारंपरिक बंशी मेला का उद्घाटन समारोह बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू जी उपस्थित रहे।
उद्घाटन के दौरान मुख्य अतिथि ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया और उपस्थित लोगों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के पारंपरिक मेले हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि बंशी मेला क्षेत्र की पहचान है और ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों, व्यापारियों एवं ग्रामीणों को मंच मिलता है, जिससे सामाजिक और आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम में झामुमो महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष बसंती हांसदा जी, प्रखंड अध्यक्ष अयूब अली उर्फ बाबू दा, काजू मल्लिक जी, एकलाकुर रहमान जी एवं किन्नु सोरेन जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मेले के सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की और क्षेत्र के लोगों से इस आयोजन को शांति और भाईचारे के साथ सफल बनाने की अपील की।
मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानों, झूलों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है, जिससे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत लोकगीत और नृत्य ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
गौरतलब है कि बंशी मेला हर वर्ष आयोजित किया जाता है, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। यह मेला न केवल मनोरंजन का साधन है, बल्कि क्षेत्र की परंपरा और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है।

