
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। झारखंड सरकार द्वारा बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी के विरोध में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बैनर तले साहिबगंज जिला में जोरदार आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिजली कार्यालय का घेराव कर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़ी हुई दरों को तुरंत वापस लेने की मांग की।
यह विरोध कार्यक्रम भाजपा जिला अध्यक्ष श्री गौतम कुमार यादव के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रभारी के रूप में श्रीमती मीरा प्रवीण सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार की यह नीति आम जनता पर आर्थिक बोझ डालने वाली है और इससे गरीब एवं मध्यम वर्ग के लोग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
कार्यक्रम के संयोजक श्री सोनेलाल ठाकुर एवं सहसंयोजक श्री सागर मंडल, गरिमा शाह, चांदनी देवी, धर्मेंद्र मंडल, विनोद कुमार चौधरी सहित अन्य नेताओं ने भी सरकार के इस निर्णय की कड़ी आलोचना की। वक्ताओं ने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा पर दर वृद्धि करना जनता के साथ अन्याय है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन में अनुराग राहुल, जितेंद्र पंडित, कुणाल मंडल, पिंटू घोष, मनीष भारती, मनोज ठाकुर, चंदन श्रीवास्तव, मुन्ना मंडल, परमानंद मंडल, शेखर वर्णन, मुकेश कुमार, जयकांत वर्मा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद तानबीर शेख सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द ही बिजली दर वृद्धि को वापस नहीं लेती है, तो भाजपा आने वाले दिनों में और भी उग्र आंदोलन करेगी।
कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश देखने को मिला और बिजली कार्यालय परिसर में काफी देर तक नारेबाजी होती रही।



