
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। जिले के बोरियो प्रखंड में जरूरतमंद मरीजों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजना मुख्यमंत्री स्वास्थ्य चिकित्सा कोष के तहत बोरियो विधानसभा क्षेत्र के विधायक धनंजय सोरेन की अनुशंसा पर पांच जरूरतमंद लाभुकों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
इस सहायता के तहत गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को इलाज के लिए चेक प्रदान किया गया, जिससे उनके उपचार में आर्थिक मदद मिल सके। चेक वितरण कार्यक्रम का आयोजन बोरियो प्रखंड में किया गया, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड कमेटी बोरियो के प्रखंड अध्यक्ष स्टीफन मुर्मू, प्रखंड सचिव गफ्फार अंसारी, प्रखंड उपाध्यक्ष, प्रखंड कोषाध्यक्ष निताई मंडल, जिला सोशल मीडिया सदस्य मो. एजाज अंसारी सहित मो. मुज्जफर अंसारी, शकील अहमद, सुरेश मरांडी, हेमलाल हेंब्रम, मनसा, मंजूर आलम, नजीर अंसारी और सफल हेंब्रम ने संयुक्त रूप से लाभुकों के बीच चेक का वितरण किया।
इस मौके पर उपस्थित नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य चिकित्सा कोष गरीब और असहाय मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि विधायक धनंजय सोरेन क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाते हैं और उन्हें हर संभव सहायता दिलाने के लिए प्रयासरत रहते हैं।
लाभुकों और उनके परिजनों ने इस मदद के लिए सरकार और स्थानीय विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण इलाज संभव नहीं हो पा रहा था, लेकिन इस सहायता से अब बेहतर इलाज की उम्मीद जगी है।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की योजनाएं गरीबों के लिए जीवनदान साबित हो रही हैं और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।




