ईसेपुर क्रॉसिंग पर ट्रक ने देवरानी- जेठानी को रौंदा मौके पर मौत पिता और तीन वर्षीय बेटी घायल।

रिपोर्ट :- नीरज शर्मा
बाराबंकी। कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र में शनिवार दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से भरे परिवार को पलभर में उजाड़ दिया। ईसेपुर रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक खुलते ही आगे बढ़ी मोटरसाइकिल को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सीतापुर जनपद के महमूदाबाद थाना क्षेत्र रामद्वारी गांव निवासी इंद्रजीत अपनी नवविवाहिता पत्नी खुशी (18) और भाभी पिंकी देवी (28) के साथ मोटरसाइकिल से जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के पिपरौली गांव अपनी बीमार मौसी को देखने जा रहे थे।
ईसेपुर रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक बंद होने के कारण सभी वाहन कतार में खड़े थे। जैसे ही फाटक खुला, इंद्रजीत ने अपनी बाइक आगे बढ़ाई। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी।

बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े। खुशी और पिंकी सड़क के दाहिने हिस्से में गिरीं, जहां ट्रक उन्हें रौदता हुआ निकल गया। दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, इंद्रजीत और तीन वर्षीय मासूम बिट्टू दूसरी ओर गिरे, जिससे बच्ची के पैरों में गंभीर चोटें आईं।
हादसे में बिट्टू और मोटरसाइकिल चला रहे उसके चाचा इंद्रजीत घायल हो गये।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाल अमित सिंह ने बताया कि ट्रक की पहचान कर ली गई है। आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
मृतिका खुशी की एक महीने पहले ही शादी हुई थी



