
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिल कुमार एवं उपायुक्त हेमंत सती ने संयुक्त रूप से मंडल कारा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कैदियों से सीधे संवाद कर उनके खान–पान की व्यवस्था, दैनिक रूटीन, चिकित्सा सुविधा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली गई। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि किसी भी धार्मिक, जातीय या अन्य आधार पर किसी प्रकार का भेदभाव न हो। कैदियों से पूछा गया कि उन्हें विधिक सहायता उपलब्ध है या नहीं तथा उनके मामलों की प्रगति क्या है। संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा गया कि कारा प्रशासन मानवाधिकार मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करे।
इसी क्रम में उपायुक्त हेमंत सती ने नगर निकाय चुनाव 2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर पुलिस लाईन परिसर में तैयार की गई निर्वाचन सामग्री कोषांग का निरीक्षण किए। उन्होंने मतदान सामग्रियों की सुरक्षित पैकिंग, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को सतर्कता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने सिद्धो कान्हो सभागार में चल रहे मतदाता सूची विखंडी करण का भी जायजा लिया ।

इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने जिरवाबाड़ी क्षेत्र में निर्मित स्ट्रीट वेंडर दुकानों का जायजा लिया। उन्होंने वेंडरों द्वारा संचालित दुकानों की स्थिति का निरीक्षण कर पात्र लाभुकों को नियमानुसार दुकान आवंटित करने तथा व्यवस्थित बाजार संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं जनहितकारी बनाने हेतु सतत प्रयास जारी है।



