
साहिबगंज में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
रिपोर्ट :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। आज राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया गया। राष्ट्रीय दिवस का मुख्य उद्देश्य समाज में लड़कियों के अधिकारों, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाना है। राष्ट्रीय बालिका दिवस के माध्यम से लड़कियों के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक समता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाती है। यह दिवस इस बात पर विशेष बल देता है कि लड़कियों को समान अवसर प्रदान कर ही एक समृद्ध, सुरक्षित एवं समतावादी समाज का निर्माण किया जा सकता है।

राष्ट्रीय बालिका दिवस की शुरुआत वर्ष 2008 में भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा की गई थी।
इसी क्रम में आज दिनांक 24 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, साहिबगंज के द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, साहिबगंज में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण इकाई, साहिबगंज से संरक्षण पदाधिकारी (गैर संस्थागत देखरेख) चंदा कुमारी, आंकड़ा विशेषज्ञ बिंदु कुमारी, चाइल्ड हेल्पलाइन से परियोजना समन्वयक मो० इकबाल एवं पर्यवेक्षक गौतम कुमार की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी एवं सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने बालिकाओं से शिक्षा को अपना सबसे मजबूत हथियार मानते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों जैसे बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव एवं कन्या भ्रूणहत्या के विरुद्ध जागरूक रहने की अपील की।
कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाना रहा, ताकि वे एक सुरक्षित, सम्मानजनक एवं उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें।




