विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू
रिपोर्ट -समित अवस्थी
अमेठी- उप जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पित गुप्ता ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इस क्रम में निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 06 जनवरी 2026 (मंगलवार) को जनपद स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा तथा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय (तहसील) में सम्बन्धित द्वारा किया जाएगा एवं प्रत्येक मतदान स्थल पर आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि आलेख्य प्रकाशन के दिन प्रत्येक मतदान स्थल (मतदान केन्द्र) पर संबंधित पदनामित अधिकारी एवं बूथ लेवल अधिकारी (बी0एल0ओ0) द्वारा आलेख्य मतदाता सूची जनसामान्य के अवलोकन हेतु उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे नागरिक अपने नाम का सत्यापन कर सकें तथा आलेख्य प्रकाशन दिवस 06 जनवरी 2026 (मंगलवार) से नागरिक अपने दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकते हैं, दावे/आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 06 फरवरी 2026 (शुक्रवार) निर्धारित की गई है तथा उनका निस्तारण 27 फरवरी 2026 (शुक्रवार) तक किया जाएगा, जो आयोग द्वारा समय-सीमा निर्धारित की गयी है। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा 04 अर्हक तिथियां निर्धारित की गयी है, दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की उक्त अवधि के दौरान कोई मतदाता 01 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के अतिरिक्त 01 अप्रैल 2026, 01 जुलाई 2026 व 01 अक्टूबर 2026 को अर्ह हो रहे है, तो ऐसे मतदाता अपना मतदाता सूची में सम्मिलित करने हेतु नाम जोड़ने, हटाने व संशोधन की सुविधा के तहत निर्धारित अवधि के दौरान पात्र मतदाता फॉर्म-6 (नया नाम जोड़ने), फॉर्म-7 (नाम विलोपन), फॉर्म-8 (संशोधन) एवं फॉर्म-8 (स्थानांतरण) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं तथा आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन सम्बन्धित बूथ लेवल अधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष जमा किए जा सकते हैं। इस क्रम में उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से भी मतदाता सूची में पंजीकरण या किसी भी प्रकार के संशोधन हेतु आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in अथवा ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे मतदाता सूची में पंजीकरण कराने या किसी भी प्रकार की प्रविष्टि में संशोधन इत्यादि कर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।




