
रिपोर्ट :- सर्वेश कुमार
महमूदाबाद (सीतापुर)। जयगुरुदेव नाम की महिमा का जन-जन तक गुणगान करते हुये जयगुरुदेव धर्म प्रचाकर संस्था मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज जी महाराज 86 दिवसीय काफिले के साथ अपने 78वें पड़ाव हेतु महमूदाबाद ब्लाक के ग्राम सोहरिया में श्री कामता प्रसाद यादव के खेत पर पधारे। पूर्व से स्वागत की आस लगाये स्थानीय भाई-बहनों ने दीप प्रज्वलित कलशों, फूल-मालाओं, पुष्प वर्षा तथा बाजे-गाजे के साथ भव्य स्वागत किया।

अपने सत्संग सम्बोधन में महाराज जी ने कहा कि यह सतसंग है कोई कथा कीर्तन नहीं। कोई ढोल मंजीरा नहीं। यहां तो प्रभु की भक्ति के लिये प्रेरणा जगाई जाती है। यह कर्म प्रधान देश है। कर्मों का भुगतान करने के लिये यहां राम और कृष्ण को भी आना पड़ा। द्वापर युग में भगवान कृष्ण के पैरों में पद्म चमकता था, बहेलिया ने हिरन की चमकती हुई आंख समझकर तीर मार दिया। बहेलिया करीब गया भगवान कृष्ण को देखकर पश्चाताप करने लगा उस समय पर भगवान कृष्ण ने कहा कि त्रेता युग में हमने छिप कर तुमको (बालि को) तीर मारा था आज तुमने हमको मार दिया। हमारा तुम्हारा कर्म कर्जा चुकता हो गया। पे्रमी भाई-बहनों! गीता में भगवान कृष्ण ने कर्म करने का ही उपदेश दिया है, अर्जुन को। ये घर, मकान, बेटी-बेटे, कुटुम्ब, परिवार ये सब कर्म कर्जा चुकता कराने को ही मिलते हैं और जब कर्म कर्जा चुकता हो जाता है तोे वह हमें छोड़ कर चला जाता है यानि मृत्यु हो जाती है। इसलिये आप लोग मिली हुई निर्धारित श्वांसों की पूंजी को व्यर्थ मत गंवायें। खेती दुकान दफ्तर के काम मेहनत-ईमानदारी से करते हुये समय निकाल कर प्रभु का सच्चा भजन इस मानव तन में कर लें। यही भजन आपके साथ जायेगा। बाकी चोला भी साथ नहीं जाने वाला । भजन के लिये महात्माओं ने तीन क्रियायें बताई पहला सुमिरन, दूसरा ध्यान, तीसरा भजन। महाराज जी ने तीनों क्रियाओं को विस्तार से समझाया।

उन्होंने कहा कि यदि आप देश में बढ़ती हिंसा, अपराध की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना चाहते हैं तो आप को स्वतः मांसाहार तथा मदिरा सेवन पर अंकुश लगाना पड़ेगा और यदि आप महात्माओं की बात को अनसुनी करेंगे तो कुदरत आपको सबक सिखाने को तैयार बैठी है। फिर आप किसी पर दोषा रोपण नहीं करेगे कि किसी ने आपको चेताया नहीं।

महाराज जी ने आगामी 13 मार्च से 15 मार्च तक जयगुरुदेव आश्रम मथुरा में होने वाले होली महापर्व पर पधारने का निमन्त्रण भी दिया। सत्संग समारोह की व्यवस्था में पुलिस प्रशासन का सराहनीय सहयोग रहा।
इस अवसर पर गोपीचन्द, रामनिवास, ग्रा. प्र. सलमान सिद्धीकी, मुंशीलाल, कन्हैयालाल, हेमराज यादव, कौशल किशोर, ओमवीर सिंह, मैकू बाबा तथा संजय आदि उपस्थित रहे।
धर्म यात्रा अगले पड़ाव हेतु ग्राम खिंदौरा ब्लाक पहला के लिये प्रस्थान कर गई। यहां कल (आज) अप. 12.30 बजे से सत्संग आयोजित है।





