चीफ ऑफ डिफेंस काउंसिल, बाराबंकी ने किया टीआरसी विधि महाविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय मूटकोर्ट प्रतियोगिता का शुभारम्भ।

रिपोर्ट :- आकांक्षा वर्मा
बाराबंकी। गुरूवार को सतरिख स्थित टी.आर.सी. लॉ कॉलेज में तीन दिवसीय राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि चीफ ऑफ डिफेंस काउंसिल, बाराबंकी विनोद तिवारी, असिस्टेंट डिफेंस काउंसिल तेज शंकर श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया। मूटकोर्ट प्रतियोगिता का शुभारम्भ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उद्घाटन के पश्चात् मूटकोर्ट कन्वीनर वीर विक्रम सिंह ने चीफ ऑफ डिफेंस काउंसिल श्री तिवारी तथा प्रवक्ता नवीन सिंह ने असिस्टेंट डिफेंस काउंसिल श्री श्रीवास्तव को एवं टीआरसी प्रबन्ध समिति के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी को विधि महाविद्यालय के प्राचार्य डा. अश्वनी कुमार गुप्ता द्वारा स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया। उद्घाटन के पश्चात् विधि महाविद्यालय के प्रबन्धक डा. सुजीत चतुर्वेदी ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं विद्यालय परिवार को धन्यवाद् दिया।

मूटकोर्ट प्रतियोगिता के प्रथम दिन प्रारम्भिक चरण की प्रतियोगिता आयोजित हुई जिसमें देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों जैसे सिम्बोसिस लॉ स्कूल पूणे महाराष्ट्र, राजकीय विधि महाविद्यालय मुम्बई, ऊषा मार्टिन यूनिवर्सिटी, झारखण्ड, पेट्रोलियम एवं एनर्जी विश्वविद्यालय उत्तराखण्ड, लेलॉयड लॉ कॉलेज नोयडा, लेलॉयड स्कूल ऑफ लॉ, नोयडा, यूनिटी डिग्री कॉलेज, लखनऊ, श्रीरामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी, लखनऊ, बाबू बनारसी दास यूनिवर्सिटी, लखनऊ, बाबासाहब भीमराव अम्बेडकर यूनिवर्सिटी, लखनऊ एवं यूनिवसिर्टी ऑफ लखनऊ सहित कुल 18 टीमों ने प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता के उद्घाटन सत्र को सम्बोधित करते हुए चीफ ऑफ डिफेंस काउंसिल, जिला एवं सत्र न्यायालय न्यायालय बाराबंकी विनोद तिवारी ने कहा कि किसी विद्यार्थी के जीवन में कभी कभी ही ऐसे बहुमूल्य क्षण आते हैं जब वह उस विद्यालय में अतिथि के तौर पर आमंत्रित होता है जहां से उस विद्यार्थी ने शिक्षा ग्रहण की है। उद्घाटन सत्र को सम्बोधित करना हमारे लिए सम्मानित क्षणों में से एक हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार डाक्टर को ऑपरेशन से पूर्व डमी ऑपरेशन द्वारा प्रशिक्षित किया जाता है, उसी प्रकार वकील या जज को मूटकोर्ट द्वारा उन्हें प्रशिक्षित किया जाता है जिसमें उन्हें ड्रेस, वार्तालाप, आरग्यूमेंट आदि के लिए प्रशिक्षित किया जाता है।
प्रारम्भिक चरण की प्रतियोगिता दो भाग में आयोजित की गई। प्रतियोगिता के प्रथम भाग में जो टीम पिटिशनर रही, वह द्वितीय भाग में वह टीम प्रतिपक्षी बनाई गई जिसमें समस्त प्रतिभागियों ने अपने अपने तर्क दोनों ही रूपों में बखूबी रखा। जजों द्वारा प्रदत्त अंकों के आधार पर प्रारम्भिक चरण में कुल आठ टीमें टीम 2, टीम 3, टीम 5, टीम 10, टीम 11, टीम 15, टीम 16 एवं टीम 18 क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई हुईं। प्रतियोगिता का क्वार्टर फाइनल एवं सेमीफाइनल 26 अप्रैल, 2024 को आयोजित होगा।




