188 केन्द्रों पर आयोजित हुआ सास बहू ननद सम्मेलन।
जनपद के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में आयोजित हो रहे मतदाता जागरूकता कार्यक्रम।

रिपोर्ट :- आकांक्षा वर्मा।
बाराबंकी। जिला प्रशासन जनपद का आगामी चुनाव में वोटिंग परसेनटेज बढ़ाने के लिए कोशिश कर रहा है। इसके लिए जिला मजिस्ट्रेट श्री सत्येन्द्र कुमार की परिकल्पना पर आधारित सास बहू सम्मेलन की कड़ी में आज जनपद के 188 केन्द्रों पर सास बहू ननद सम्मेलन कराया गया, जिसमें 4438 प्रतिभागियों के द्वारा प्रतिभाग किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को मतदान के मूल्य से अवगत कराया गया और उन्हें आगामी चुनाव में अपने मत का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सीडीपीओ और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा उपस्थित परिवार के सभी सदस्यों को मतदान की शपथ दिलायी गयी।
स्वीप कार्यक्रम के अन्तर्गत आज आदर्श पीजी कालेज आॅफ एजूकेशन सलारपुर देवा में स्वच्छ नैतिक एवं शत प्रतिशत मतदान विषय पर जन समुदाय की उपस्थिति में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, इसमें सभी को आने वाली लोकसभा चुनाव 2024 में निर्भीक होकर मतदान करने के लिए संवाद किया गया साथ ही युवा मतदाताओं को इस लोकतंत्र के महापर्व में अनिवार्य रूप से सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

आज विकास खण्ड निन्दूरा के समस्त विद्यालयों में मतदाता जागरूकता कि अंतर्गत मातृ सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित सभी माताओं से अनुरोध किया गया कि वे आगामी लोक सभा चुनाव में अपने मत का प्रयोग अवश्य करें और अपने परिवार के सदस्यों को मतदान के प्रति जागरूक करें। इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षकों और माताओं ने मतदान की शपथ भी ली।




