इटावा में रिश्तों का कत्ल! प्रेम संबंधों में बाधा बने पिता की हत्या का सनसनीखेज खुलासा।
नाबालिग बेटी पर प्रेमी संग मिलकर हत्या की साजिश रचने का आरोप, शव बक्से में छिपाया।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
इटावा। प्रेम संबंधों में पिता की कथित दखलंदाजी बनी खौफनाक वारदात की वजह! इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की काशीराम कॉलोनी में पिता की हत्या के मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए नाबालिग बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोप है कि चाय में नींद की गोली देकर पिता को सुलाया गया। इसके बाद गला घोंटकर और सिलबट्टे से प्रहार कर उनकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद शव को कंबल में लपेटकर बक्से में छिपा दिया गया। साक्ष्य मिटाने के लिए मृतक का मोबाइल नाले में फेंकने का भी आरोप है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल सिलबट्टा, चाकू और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में SOG, सर्विलांस और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
एक तरफ पिता-बेटी का पवित्र रिश्ता, दूसरी तरफ हत्या की खौफनाक साजिश का आरोप—इटावा की इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। हालांकि, आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।




