नरैनापुर गांव में 10 फीट लंबा अजगर निकलने से मची दहशत, वन विभाग ने सुरक्षित किया रेस्क्यू।

रिपोर्ट :-अंकित वर्मा
निंदूरा (बाराबंकी)। बड्डूपुर थाना क्षेत्र की भगौलीतीर्थ चौकी अंतर्गत नरैनापुर गांव में गुरुवार को करीब 10 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। विशालकाय अजगर के गांव में दिखाई देने की सूचना फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। लोगों ने सुरक्षित दूरी बनाकर अजगर पर नजर रखी और तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी।
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने काफी सतर्कता और सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान चलाकर अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। वन विभाग की टीम ने लोगों से किसी भी जंगली जीव को नुकसान न पहुंचाने और ऐसे मामलों में तुरंत विभाग को सूचना देने की अपील की।
अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम ने अजगर को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अजगर निकलने की चर्चा बनी रही और लोग काफी देर तक मौके पर मौजूद रहे।




