मिर्जापुर में खूनी विवाद! लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से पीटकर 60 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या, गांव में तनाव।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
मिर्जापुर। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। जमालपुर थाना क्षेत्र के डोहरी गांव में 60 वर्षीय बुजुर्ग की लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में सनसनी फैल गई, वहीं घटना के बाद तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग अछैवर बियार गली से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक युवती से टकराने को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि मन्नू अंसारी और उसके परिजनों ने विवाद के दौरान बुजुर्ग पर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में अछैवर बियार गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामूली विवाद में बुजुर्ग की हत्या से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है।



