नीतेश मौर्या हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, 14 लाख और 10 लाख के लेनदेन का विवाद बना हत्या की वजह! पांच लाख की सुपारी देकर कराई गई हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार।

रिपोर्ट :- अंकित कुमार वर्मा
बाराबंकी। बड्डूपुर थाना क्षेत्र के चर्चित नीतेश कुमार मौर्या हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। स्वाट, सर्विलांस और बड्डूपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड के पीछे लाखों रुपये के लेनदेन का विवाद सामने आया है। मृतक नीतेश मौर्या और आरोपी मनोज मौर्या के बीच आरओ प्लांट लगाने के नाम पर दिए गए 14 लाख रुपये तथा धान खरीद के 10 लाख रुपये को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में मनोज ने अंकित गुप्ता के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोप है कि पांच लाख रुपये की सुपारी देकर अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को नीतेश को बड्डूपुर क्षेत्र से कार में बैठाकर सीतापुर ले जाया गया, जहां उसकी हत्या कर शव फेंक दिया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को भगौली पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज मौर्या, अंकित गुप्ता, दीपू उर्फ दिलीप वर्मा और अमरेन्द्र वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। सभी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
लाखों के लेनदेन का विवाद, पांच लाख की सुपारी और फिर हत्या की वारदात—नीतेश हत्याकांड के खुलासे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।




