चेकडैम निर्माण में बड़ा घोटाला उजागर! तकनीकी सहायक रोहित कुमार की संविदा सेवा समाप्त, 9.13 लाख की वसूली के आदेश से विभाग में हड़कंप।
17 चेकडैम के भुगतान पर रोक, संविदा सेवा समाप्त और लाखों की वसूली के आदेश ने साफ कर दिया है कि निर्माण कार्यों में गड़बड़ी पर प्रशासन अब सख्त रुख अपना रहा है।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
बलरामपुर, छत्तीसगढ़। चेकडैम निर्माण कार्यों में अनियमितता और गुणवत्ता से खिलवाड़ के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में गड़बड़ियां सामने आने के बाद तकनीकी सहायक रोहित कुमार की संविदा सेवा समाप्त कर दी गई है। वहीं, निर्माण कार्यों में हुई अनियमितताओं के मामले में 9.13 लाख रुपये की वसूली के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रशासन की जांच के दायरे में आए सभी 17 चेकडैम निर्माण कार्यों का भुगतान रोक दिया गया है। इसके साथ ही तकनीकी सहायक अविनाश भारती और कृपाशंकर गुप्ता पर एक-एक हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। दोनों को भविष्य में लापरवाही नहीं बरतने की अंतिम चेतावनी भी जारी की गई है।
मामले में कार्यपालन अभियंता समेत कई अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से संबंधित विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी कीमत पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में लापरवाही, अनियमितता या जिम्मेदारियों के निर्वहन में कोताही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



