उन्नाव: डोमिनोज पिज्जा को लेकर बड़ा बवाल! वायरल वीडियो में पिज्जा बेस के आटे में कीड़े गिरने का दावा।

रिपोर्ट:-नीरज शर्मा
उन्नाव। नाम बड़े और दर्शन छोटे! उन्नाव में डोमिनोज पिज्जा आउटलेट की रसोई का एक कथित वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। महिला उपभोक्ता ने आरोप लगाया है कि पिज्जा तैयार करते समय ऊपर लगी लाइट से कीड़े गिरकर पिज्जा बेस के आटे में मिल रहे थे। महिला का दावा है कि कारीगर इसके बावजूद आटे से पिज्जा बेस तैयार कर रहा था।
मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के मोतीनगर स्थित डोमिनोज पिज्जा आउटलेट का बताया जा रहा है। महिला ने वीडियो वायरल कर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। साथ ही जिलाधिकारी से शिकायत कर संबंधित आउटलेट के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अब सवाल यह है कि क्या खाद्य सुरक्षा विभाग इस मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करेगा? वायरल वीडियो में किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि और विभागीय जांच का परिणाम सामने आना बाकी है।




