रायबरेली में बड़ा हादसा: विसर्जन से लौट रहे श्रद्धालुओं पर टूटा बिजली का कहर, महिला समेत 4 गंभीर।
गंगा से मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जित कर लौट रहे श्रद्धालु करंट की चपेट में आए, मचा हड़कंप; गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर।

रिपोर्ट :- नीरज शर्मा
रायबरेली। जिले के सरेनी थाना क्षेत्र में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ बड़ा हादसा हो गया। ट्रैक्टर में लगा करीब 10 फीट लंबा झंडा बिजली के तारों से छू गया, जिससे महिला समेत चार श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु सांवरिया क्षेत्र से गंगा नदी में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जित करने गए थे। विसर्जन के बाद सभी ट्रैक्टर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर के स्टील पाइप में बंधा लगभग 10 फीट लंबा झंडा ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों के संपर्क में आ गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार महिला समेत चार श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। इस हादसे ने त्योहारों के दौरान बिजली के तारों के नीचे ऊंचे झंडे और धातु के पाइप लेकर चलने से जुड़े सुरक्षा जोखिमों को उजागर किया है। फिलहाल घायलों की स्थिति और हादसे के अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।




