बाराबंकी में पत्नी पर प्रेमी के साथ मिलकर पति पर जानलेवा हमले का आरोप, हालत गंभीर।
फतेहपुर के कंदरौला गांव का मामला, घायल को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर; सिर में आए 32 टांके।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (संपादक)
बाराबंकी। जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कंदरौला में पत्नी द्वारा कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में पति गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक, उपचार के दौरान घायल के सिर में 32 टांके लगाए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंदरौला निवासी कमलेश कुमार पुत्र रामकिशोर ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 18 अक्टूबर की शाम करीब चार बजे वह अपने घर में चारपाई पर लेटा हुआ था। इसी दौरान उसकी पत्नी दीपिरखा अपने कथित प्रेमी आनंद पुत्र राधिका निवासी ग्राम कंदरौला के साथ वहां पहुंची। आरोप है कि दोनों ने मिलकर कमलेश पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उसके हाथ, पैर, सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित का आरोप है कि हमले के दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद परिजन घायल कमलेश को फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी हालत नाजुक बनी रहने पर उसे लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया।
घटना के संबंध में पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।




