
रिपोर्ट:-अंकित कुमार वर्मा
निंदूरा बाराबंकी। कुर्सी थाना क्षेत्र के निंदूरा कस्बे के पास लखनऊ-महमूदाबाद संपर्क मार्ग पर सोमवार सुबह करीब आठ बजे रोडवेज बस और भारत पेट्रोलियम के गैस सिलेंडर लदे ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बस और ट्रक के चालक समेत कई लोग चोटिल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। बताया गया कि रोडवेज बस महमूदाबाद, जिला सीतापुर से सवारियां लेकर लखनऊ की ओर जा रही थी। बस में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। इसी दौरान लखनऊ की ओर से आ रहे भारत पेट्रोलियम के गैस सिलेंडर लदे ट्रक से निंदूरा कस्बे के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही करीब 10 से 12 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। इनमें 108 सेवा की एंबुलेंस के साथ कुछ निजी एंबुलेंस भी शामिल थीं। पुलिस की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुंघटेर पहुंचाया गया। सीएचसी अधीक्षक आरपी वर्मा ने बताया कि तीन लोगों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें उपचार दिया गया। कुछ घायलों को उनके परिजन बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल भी ले गए।
हादसे में रोडवेज बस चालक नंद किशोर और ट्रक चालक सुनील को भी चोटें आई हैं। चौकी इंचार्ज ओदार अभिषेक राय ने बताया कि बस में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने की कार्रवाई की।




