
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। जिले के मंडरो प्रखंड अंतर्गत फूलोलक्ष्मी गांव में विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंडरो–बोरियो विधानसभा क्षेत्र के विधायक धनंजय सोरेन ने विधायक मद से स्वीकृत PCC सड़क निर्माण योजना का विधिवत फीता काटकर शिलान्यास किया। इस अवसर पर गांव में उत्साह का माहौल देखा गया और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक धनंजय सोरेन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से गांव के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी, साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार के क्षेत्र में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि क्षेत्र के अन्य विकास कार्यों को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
ग्रामीणों ने लंबे समय से इस सड़क निर्माण की मांग की थी, जो अब पूरी होती दिख रही है। स्थानीय लोगों ने विधायक के इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में इस रास्ते पर चलना काफी मुश्किल हो जाता था, लेकिन अब पक्की सड़क बनने से राहत मिलेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास को लेकर भी चर्चा की गई और लोगों ने अपनी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।
इस योजना के शुरू होने से फूलोलक्ष्मी सहित आसपास के गांवों में विकास की नई उम्मीद जगी है।



