
रिपोर्ट :- उज्जवल कुमार साहा
साहेबगंज। जिले में आमजन को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त हेमंत सती द्वारा समहरणालय परिसर में जिले के विभिन्न मदों से संचालित एंबुलेंसों को बुलाकर विस्तृत भौतिक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य एंबुलेंस सेवाओं की वर्तमान स्थिति का आकलन करना तथा उन्हें और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं सुचारू बनाना रहा।
निरीक्षण के दौरान ओपीडी एंबुलेंस, कार्डियो एंबुलेंस तथा पीएम जनमन योजना के अंतर्गत संचालित मोबाइल यूनिट एंबुलेंसों की गहनता से जांच की गई। उपायुक्त ने एंबुलेंसों की तकनीकी स्थिति, उपलब्ध चिकित्सीय उपकरण, साफ-सफाई एवं संचालन व्यवस्था की समीक्षा की। साथ ही सभी एंबुलेंसों के रूट चार्ट की जानकारी ली गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आवश्यकता के समय एंबुलेंस समय पर और सही स्थान पर पहुंच सकें।

उपायुक्त ने ऐसे एंबुलेंस जो किसी कारणवश बंद पड़े हैं, उन्हें अविलंब दुरुस्त कर पुनः संचालन में लाने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने एंबुलेंस सेवाओं की निगरानी हेतु एंबुलेंस डैशबोर्ड एवं एंबुलेंस डायरी को नियमित रूप से अद्यतन रखने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता एवं पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त ने एंबुलेंस कर्मियों के लिए ड्रेस कोड लागू करने, सभी एंबुलेंसों में ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (GPS) इंस्टॉल कराने तथा चालकों एवं सहायक कर्मियों का पहचान पत्र बनवाने का भी निर्देश दिया। इससे एंबुलेंस की ट्रैकिंग के साथ-साथ जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकेगी।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, जिला परिवहन पदाधिकारी मिथलेश कुमार चौधरी सहित स्वास्थ्य एवं परिवहन विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में एंबुलेंस सेवा को जनहित में और अधिक सशक्त एवं भरोसेमंद बनाया जाए।



