
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा।
साहिबगंज। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी हेमंत सती की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला खेल विभाग एवं पर्यटन विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में खेल गतिविधियों के विस्तार, प्रशिक्षण सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं आधारभूत संरचना के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय, झारखंड, राँची के निर्देश के आलोक में बरहेट प्रखंड के भोगनाडीह स्थित सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में 25 आवासीय बालक फुटबॉल प्रशिक्षण केन्द्र की स्थापना को लेकर यथाशीघ्र संचालन प्रक्रिया प्रारंभ करने पर विचार किया गया। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि जब तक वहां आवश्यक आधारभूत संरचना का पूर्ण विकास नहीं हो जाता, तब तक साहेबगंज स्थित सिद्धो-कान्हू स्टेडियम के 50 बेड वाले खेल छात्रावास में ही प्रशिक्षण केन्द्र संचालित किया जाएगा। उपायुक्त ने डे-बोर्डिंग बालिका एथलेटिक्स प्रशिक्षण केन्द्र, साहेबगंज में प्रशिक्षक की शीघ्र नियुक्ति करने के निर्देश दिए। साथ ही नवसृजित फुटबॉल प्रशिक्षण केन्द्र के लिए प्रशिक्षक की पदस्थापना हेतु विभाग को पत्राचार करने तथा तब तक जिला मुख्यालय में पदस्थापित खेल शिक्षक की प्रतिनियुक्ति पर विचार करने को कहा गया।
बैठक में आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केन्द्र, सिद्धो-कान्हू स्टेडियम, साहेबगंज सहित अन्य प्रशिक्षण केन्द्रों में रिक्त प्रशिक्षुओं के चयन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त डे-बोर्डिंग बालिका एवं बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केन्द्रों में भी रिक्त सीटों को भरने पर बल दिया गया। सिद्धो-कान्हू स्टेडियम के गैलरी विस्तार के मद्देनजर सिद्धो-कान्हू की प्रतिमा को नव-निर्मित विज्ञान भवन के समीप स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप 8 लेन सिंथेटिक ट्रैक निर्माण हेतु विभाग को प्रस्ताव भेजने पर विचार किया गया। इसके अलावा निर्माणाधीन फुटसल पिच के समीप बास्केटबॉल एवं वॉलीबॉल कोर्ट निर्माण तथा जिले के विभिन्न प्रखंडों में डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केन्द्र खोलने के लिए विभाग को पुनः पत्राचार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला खेल पदाधिकारी कुमार हर्ष सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



