
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। राजमहल: राधानगर थाना क्षेत्र में ठगी के एक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कटहलबाड़ी मोमीन टोला निवासी सामेद मोमीन के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर खुद को अल्पसंख्यक मंत्री हफीजुल हसन का करीबी बताता था।
मिली जानकारी के अनुसार, सामेद मोमीन पर राजमहल थाना क्षेत्र के एक युवक से करीब सात लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने प्रभाव और कथित राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर युवक को झांसे में लिया और उससे बड़ी रकम ठग ली।
पीड़ित युवक की शिकायत पर राधानगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने बीते रात छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं आरोपी ने इसी तरह अन्य लोगों को भी ठगी का शिकार तो नहीं बनाया है।
गुरुवार को पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। वहीं, इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल गर्म है और लोग ऐसे मामलों में सतर्क रहने की बात कह रहे हैं।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के प्रभाव या पहचान के झांसे में आकर पैसे का लेन-देन न करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



