
रिपोर्ट :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। राजमहल फोर लेन पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय बच्चे की जान चली गई। यह हादसा करीब 11:30 बजे बुधवरिया गांव के पास हुआ, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, बच्चा सड़क किनारे खड़ा था, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान बुधवरिया गांव निवासी झगड़ू मंडल के चार वर्षीय पुत्र राजकुमार मंडल के रूप में की गई है। वहीं बाइक सवार शोभापुर गांव निवासी प्रह्लाद मंडल दुर्घटना के बाद असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। आक्रोशित लोगों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर विरोध जताया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की खबर मिलते ही जिला परिषद प्रतिनिधि राजेश मंडल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई व मुआवजे की मांग की।
इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।

