विश्व जल दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की पहल जल संरक्षण एवं सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों को किया गया जागरूक।
जल है तो कल है– प्रखंडों व पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। झारखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश पर तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, साहेबगंज अखिल कुमार के मार्गदर्शन में विश्व जल दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि पारा लीगल वॉलिंटियर्स – न्याय मित्रों द्वारा गांव-गांव में जाकर लोगों को जल संरक्षण के महत्व, स्वच्छ पेयजल के उपयोग, जल स्रोतों के संरक्षण तथा सरकार द्वारा संचालित जल संबंधी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान यह संदेश दिया गया कि “जल है तो कल है”, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह जल का सदुपयोग करे और इसके संरक्षण के प्रति जागरूक रहे। लोगों को वर्षा जल संचयन, जल की बर्बादी रोकने, पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अतिरिक्त लोगों को जल जीवन मिशन सहित अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, ताकि वे स्वच्छ पेयजल एवं संबंधित सुविधाओं का लाभ उठा सकें। साथ ही यह भी बताया गया कि स्वच्छ जल और स्वच्छ पर्यावरण स्वस्थ जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, स्थानीय नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना, स्वच्छ जल के महत्व को समझाना तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक जागरूकता पहुंचाना था।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।




