
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। (झारखंड): जिले के बरहेट प्रखंड अंतर्गत सनमणि पंचायत के रोहड़ा गांव में भक्ति और श्रद्धा के माहौल में शिव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि 51 कन्याओं द्वारा भव्य कैलाश यात्रा निकाली गई। कन्याएं पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर कलश लेकर गांव में भ्रमण करती नजर आईं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों और जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

प्राण प्रतिष्ठा के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय युवाओं और समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस धार्मिक आयोजन से क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ और लोगों में एकजुटता एवं आस्था का भाव मजबूत हुआ।




