Advertisement
झारखंडभारत
Trending

उपायुक्त हेमंत सती के हाथों “फूलो झानो डिजिटल लाइब्रेरी” का उद्घाटन, करियर गाइडेंस फेस्ट का आयोजन।

 

रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा

साहिबगंज। युवाओं को मिलेगा डिजिटल संसाधनों, करियर मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का नया मंच

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की भावना को आगे बढ़ाते हुए जिले में युवाओं के शैक्षणिक और करियर विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “करियर गाइडेंस फेस्ट” एवं फूलो झानो डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन आज उपायुक्त हेमंत सती के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि सही समय पर सही मार्गदर्शन भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज के अधिकांश छात्र-छात्राओं को यह स्पष्ट जानकारी नहीं होती कि 10वीं या 12वीं के बाद उनके सामने कितने व्यापक करियर विकल्प उपलब्ध हैं। प्रायः विद्यार्थी डॉक्टर, इंजीनियर या कुछ पारंपरिक क्षेत्रों तक ही सीमित जानकारी रखते हैं, जबकि आज के दौर में करियर के असंख्य नए अवसर उपलब्ध हैं।

विज्ञापन

उन्होंने छात्रों से कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ अपने जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य और सपना निर्धारित करना बहुत जरूरी है। सपना केवल कल्पना नहीं, बल्कि ऐसा लक्ष्य होना चाहिए जिससे व्यक्ति के जीवन के साथ-साथ परिवार और समाज पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़े। यदि विद्यार्थी समय रहते अपने लक्ष्य के बारे में सोचेंगे और उसके अनुसार तैयारी करेंगे तो वे अपने जीवन में निश्चित रूप से सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

विज्ञापन 2

उपायुक्त ने कहा कि आज के समय में इंटरनेट और डिजिटल संसाधनों के माध्यम से ज्ञान के असीमित स्रोत उपलब्ध हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा फूलो झानो डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना की गई है। इस लाइब्रेरी में आधुनिक कंप्यूटर, उच्च गति का वाई-फाई, डिजिटल अध्ययन सामग्री तथा शांत अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराया गया है, जिससे छात्र-छात्राएं घर बैठे प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकें।

विज्ञापन 3

उन्होंने बताया कि यह लाइब्रेरी सुबह 9:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक आम जनता के लिए खुली रहेगी और यहां बहुत ही न्यूनतम शुल्क पर छात्रों को अध्ययन की सुविधा दी जाएगी। साथ ही समय-समय पर करियर गाइडेंस, मोटिवेशनल सेशन तथा विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को सही दिशा मिल सके।

विज्ञापन 4

उपायुक्त ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि भारत आज एक “डेमोग्राफिक डिविडेंड” वाला देश है, अर्थात देश की सबसे बड़ी ताकत उसका युवा वर्ग है। यदि युवा अपनी ऊर्जा और क्षमता का सही उपयोग करेंगे तो देश तेजी से प्रगति करेगा, लेकिन यदि युवा अपनी क्षमताओं का उपयोग नहीं कर पाए तो यही अवसर चुनौती में भी बदल सकता है। इसलिए युवाओं को गंभीरता से पढ़ाई, कौशल विकास और करियर निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए।

विज्ञापन 5

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने भी अपने संबोधन में कहा कि फूलो झानो डिजिटल लाइब्रेरी केवल एक भवन या पुस्तकालय नहीं है, बल्कि यह जिले के युवाओं के सपनों को साकार करने का एक सशक्त माध्यम है। डिजिटल माध्यम के जरिए विद्यार्थियों को नई-नई जानकारियां, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, अध्ययन सामग्री और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर मिलेंगे।

साथ ही आयोजित करियर गाइडेंस फेस्ट के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को करियर के विविध विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, कौशल विकास तथा रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपने भविष्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता गौतम भगत, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुमार, डीपीएम जेएसएलपीएस मतीन तारीक सहित अन्य अधिकारी, शिक्षकगण, विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि तथा सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे डिजिटल लाइब्रेरी का अधिक से अधिक उपयोग करें, अपने ज्ञान और कौशल को विकसित करें तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहें। जिला प्रशासन द्वारा ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।

advertisement

UP BREAKING NEWS

UP BREAKING NEWS is a National news portal based in Barabanki, India, with a special focus on Uttar Pradesh. We reach netizens throughout the globe – anywhere, anytime on your laptop, tablet and mobile – in just one touch. It brings a beautiful blend of text, audio and video on Politics, National, International, Bureaucracy, Sports, Business, Health, Education, Food, Travel, Lifestyle, Entertainment, Wheels, and Gadgets. Founded in 2017, by a young journalist Shiva Verma. It particularly feeds the needs of the youth, courageous and confident India. Our motto is: Fast, Fair and Fearless.

Related Articles

Back to top button