अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार,साहेबगंज की पहल, महिलाओं को कानूनी अधिकार व सरकारी योजनाओं की दी जानकारी।
नारी अब अबला नहीं, बल्कि सशक्त और जागरूक शक्ति” – प्रखंडों व पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।

रिपोर्टर – उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। झारखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश पर तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, साहेबगंज श्री अखिल कुमार के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री विश्वनाथ भगत ने बताया कि पारा लीगल वॉलिंटियर्स – न्याय मित्रों द्वारा गांव-गांव में जाकर महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा से संबंधित कानूनों तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान यह संदेश भी दिया गया कि नारी अब अबला नहीं, बल्कि सशक्त, जागरूक और आत्मनिर्भर शक्ति है, जो अपने अधिकारों को जानकर समाज और परिवार के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण, दहेज प्रतिषेध कानून, बाल विवाह निषेध अधिनियम, संपत्ति में महिलाओं के अधिकार, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से सुरक्षा तथा निःशुल्क विधिक सहायता की सुविधा के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही पीड़ित महिलाओं को मिलने वाले मुआवजा, सहायता एवं न्याय प्राप्ति की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
इसके अतिरिक्त महिलाओं को महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वरोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में नालसा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण साहेबगंज के कार्यालय का संपर्क नंबर 9471521725 भी साझा किया गया, ताकि जरूरतमंद लोग सीधे संपर्क कर सकें।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, स्थानीय लोग एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, सरकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुँच सुनिश्चित करना था। डालसा ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।




