औरैया में दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर दो युवकों के शव मिलने से मचा हड़कंप, अलग-अलग स्थानों पर मिले दोनों शव; पुलिस शिनाख्त में जुटी।

रिपोर्ट:- शिवा वर्मा (संपादक)
औरैया। जनपद के अछल्दा थाना क्षेत्र में दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर दो अज्ञात युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों शव धारा का पुरवा गांव के पास रेलवे ट्रैक के किनारे अलग-अलग खंभों के पास पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, रेलवे खंभा संख्या 1112/3 और 1112/10 के पास दो युवकों के शव बरामद हुए हैं। मृतकों की उम्र करीब 30 से 31 वर्ष के बीच बताई जा रही है। दोनों शव अलग-अलग स्थानों पर मिलने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, युवकों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
घटनास्थल से दो टूटे हुए मोबाइल फोन बरामद होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। वहीं, दोनों मृतकों की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों और जीआरपी को सूचना दी गई है।
सूचना पर अछल्दा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस दोनों युवकों की पहचान कराने के साथ ही उनकी मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
फिलहाल दो अज्ञात शव मिलने की घटना से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।




