
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। राजमहल मॉडल कॉलेज ,के पुस्तकालय में अध्ययन का वातावरण इन दिनों और अधिक समृद्ध एवं प्रेरणादायक हो गया है। उपयुक्त साहिबगंज हेमंत सती द्वारा महाविद्यालय को प्रदान की गई बहुमूल्य पुस्तकों का लाभ छात्र-छात्राएँ ,शिक्षक और अन्य प्रतियोगिता में शामिल होने वाले ग्रामीण छात्र
निरंतर प्राप्त कर रहे हैं। इन पुस्तकों के माध्यम से विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ-साथ अपने पाठ्यक्रम से संबंधित विषयों का गहन अध्ययन कर रहे हैं, जिससे उनके बौद्धिक एवं शैक्षणिक स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है।

प्रदान की गई पुस्तकों में विभिन्न विषयों से संबंधित ज्ञानवर्धक सामग्री, सामान्य अध्ययन, समसामयिक घटनाएँ, व्यक्तित्व विकास, कैरियर मार्गदर्शन तथा जीवनोपयोगी विचारों से जुड़ी पुस्तकें शामिल हैं। इससे न केवल विद्यार्थियों की परीक्षा उन्मुख तैयारी सुदृढ़ हो रही है, बल्कि उनमें नियमित अध्ययन की आदत, पुस्तकालय के प्रति रुचि तथा आत्मविश्वास का भी विकास हो रहा है। ग्रामीण एवं दूरदराज़ क्षेत्र से आने वाले विद्यार्थियों के लिए यह सहयोग विशेष रूप से उपयोगी सिद्ध हो रहा है, क्योंकि उन्हें एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो पा रही है।

महाविद्यालय के प्राचार्य ने इस सराहनीय पहल के लिए उपयुक्त साहिबगंज हेमंत सती के प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का शैक्षणिक सहयोग विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा। छात्र-छात्राओं ने भी अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि इन पुस्तकों से उन्हें नई दिशा, नई प्रेरणा और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की शक्ति मिल रही है।
समस्त महाविद्यालय परिवार ने उपयुक्त महोदय के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी उनका मार्गदर्शन एवं सहयोग इसी प्रकार प्राप्त होता रहेगा, जिससे संस्थान में अध्ययन-अध्यापन का वातावरण और अधिक सुदृढ़ एवं उत्कृष्ट बन सके।



