
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। जिला निर्वाचन पदाधिकारी(न0प0)-सह-उपायुक्त हेमंत सती ने आज नगर निकाय चुनाव के सफल एवं पारदर्शी संचालन को लेकर पुलिस लाईन विद्यालय में संचालित मतगणना कर्मियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, मतगणना प्रक्रिया की समझ, प्रपत्रों के संधारण तथा मतपेटी से संबंधित बिंदुओं की विस्तार से जानकारी ली।

उपायुक्त ने उपस्थित कर्मियों को निर्देशित किया कि मतगणना कार्य पूर्णतः निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं सतर्कता के साथ संपन्न करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक चरण में राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल कर्मियों से प्रश्नोत्तर के माध्यम से उनकी तैयारी का भी आकलन किया तथा आवश्यक सुधारात्मक सुझाव दिए।

मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया, ताकि नगर निकाय चुनाव की मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।


