
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। जिला दंडाधिकारी-सह- उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में शिक्षा सुधार एवं शिक्षकों के डिजिटल प्रशिक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा डिजिटल माध्यम से शिक्षकों के प्रशिक्षण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान यह जानकारी दी गई कि शिक्षा एवं स्कूल अटेंडेंस के मामले में झारखंड के 24 जिलों में साहिबगंज का स्थान निचले पायदान पर है, जिसे उपायुक्त ने निंदनीय बताया। उन्होंने सभी प्रखंडों के विद्यालयों की छात्र उपस्थिति रिपोर्ट की गहन समीक्षा की तथा कम उपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त की।

उपायुक्त ने संबंधित बीआरपी (BRP) एवं सीआरपी (CRP) से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया तथा स्पष्ट कहा कि आगामी 15 दिनों के भीतर उपस्थिति में ठोस सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में सुधार नहीं होने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध सेवा मुक्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही शिक्षकों के डिजिटल प्रशिक्षण को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा तकनीकी संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि शिक्षण व्यवस्था में गुणवत्तापूर्ण सुधार लाया जा सके।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गानंद झा, जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO), बीआरपी एवं सीआरपी उपस्थित थे।




