
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहेबगंज। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (NMHP) के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम डॉ. श्रीमती अर्शी खानम एवं जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, साहेबगंज पुनम कुमारी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, नशा मुक्ति को प्रोत्साहित करना तथा बच्चों एवं किशोर-किशोरियों के संरक्षण एवं सुरक्षा से संबंधित विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अर्शी खानम ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मानसिक स्वास्थ्य उतना ही महत्वपूर्ण है जितना शारीरिक स्वास्थ्य। मानसिक समस्याओं की समय पर पहचान, उचित परामर्श एवं उपचार से गंभीर परिस्थितियों को रोका जा सकता है। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों से अपने-अपने क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाकर बच्चों, बालिकाओं एवं उनके परिवारों को प्रभावी परामर्श उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

वहीं जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी पुनम कुमारी ने किशोर-किशोरियों को नशा से दूर रखने, उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने तथा बाल संरक्षण तंत्र को सुदृढ़ बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा हेतु सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के बीच समन्वित प्रयास आवश्यक है।
इस अवसर पर बाल कल्याण समिति, साहेबगंज, चाइल्ड हेल्पलाइन, मंथन संस्था, झारखंड विकास परिषद एवं PCI-INDIA (DPC-PCI INDIA) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने मानसिक स्वास्थ्य, नशा मुक्ति एवं बाल संरक्षण के क्षेत्र में संयुक्त रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने तथा बाल संरक्षण तंत्र को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।




