
रिपोर्ट :-उज्जवल कुमार साहा
उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में कृषि विभागान्तर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने बिरसा फसल विस्तार योजना के तहत बीज (विच) वितरण की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि बीज वितरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।

उपायुक्त ने झारखंड कृषि ऋण माफी योजना की समीक्षा करते हुए पात्र किसानों को समय पर लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही किसान समृद्धि योजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
बैठक में उपायुक्त द्वारा एटीएम (ATM) एवं बीटीएम (BTM) को निर्देशित किया गया कि वे क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए अधिक से अधिक किसानों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दें तथा उन्हें लाभ लेने हेतु प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा जब उसका लाभ अंतिम पंक्ति के किसान तक पहुंचे।

समीक्षा के क्रम में वर्षापात एवं आच्छादन प्रतिवेदन, बीज विनिमय एवं वितरण योजना, बिरसा फसल विस्तार योजना, एन एफ एस एन एम अंतर्गत प्रमाणित बीज वितरण, रसायन निबंधन, झारखंड राज्य मिलेट मिशन योजना, पीएम-आरकेवीवाई-पीडीएमसी, आरकेवीवाई अंतर्गत मृदा स्वास्थ्य एवं उर्वरता प्रबंधन योजना, डिजिटल फसल सर्वेक्षण, केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड), झारखंड कृषि ऋण माफी योजना तथा बिरसा ग्राम विकास योजना-सह-कृषि पाठशाला सहित विभिन्न एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रगति प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का, जिला योजना एवं मूल्यांकन पदाधिकारी अरुण भोक्ता, उप परियोजना निदेशक (आत्मा) मंटु कुमार सहित एटीएम एवं बीटीएम उपस्थित थे।

