
रिपोर्टर :- उज्जवल कुमार साहा
साहिबगंज। स्थित उत्क्रमित नगर पालिका कन्या उच्च विद्यालय परिसर में 02.02.2026 को विश्व आर्द्रभूमि दिवस के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आर्द्रभूमियों (Wetlands) के महत्व, उनके संरक्षण तथा जैव विविधता की रक्षा में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक फारूक हुसैन ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आर्द्रभूमियाँ केवल जल स्रोत ही नहीं हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, भूजल स्तर को सुरक्षित रखने तथा अनेक जीव-जंतुओं के प्राकृतिक आवास के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने छात्राओं से प्रकृति संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक प्रदीप कुमार मोदी, प्रियंका कुमारी, सुजीत विश्वास, रश्मि कुमारी गुप्ता, निरोजनी मरांडी एवं अनिकेत कुमार ने भी अपने विचार साझा किए तथा छात्राओं को जल संरक्षण, स्वच्छता और स्थानीय जल स्रोतों की रक्षा के प्रति प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य Resource Person के रूप में उपस्थित डॉ. रणजीत कुमार सिंह, प्राचार्य, मॉडल कॉलेज राजमहल साहिबगंज ने आर्द्रभूमियों के वैज्ञानिक, सामाजिक एवं आर्थिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार तालाब, झील, दलदली क्षेत्र और नदियों के किनारे स्थित आर्द्रभूमियाँ प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा प्रदान करती हैं, जल को शुद्ध करने में सहायक होती हैं तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्थानीय जल निकायों की पहचान कर उनके संरक्षण हेतु जागरूकता फैलाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, प्रश्न पूछे तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संकल्प लिए। जागरूकता को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से निबंध लेखन, भाषण एवं स्लोगन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने आर्द्रभूमि संरक्षण, जल बचाव और प्रकृति सुरक्षा जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मकता प्रस्तुत की।
निबंध प्रतियोगिता में श्रेया तथा रानी सुश्री देव, स्लोगन प्रतियोगिता में नीति, जिया एवं प्रियंका तथा भाषण प्रतियोगिता में श्रेया रानी सुश्री देव विजेता रहीं, जिन्हें विद्यालय स्तर पर सम्मानित किया गया।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया, जिसमें विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता व्यक्त की।


