प्रेम बना जुर्म: शादी तय होने से नाराज़ प्रेमी ने युवती की हत्या, आरोपी गिरफ्तार।

रिपोर्ट :- नीरज शर्मा
श्रावस्ती। जिले के सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम बरगदवा में नववर्ष की रात हुई युवती सुनीता की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने प्रेम प्रसंग में नाराज़ होकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार मृतका और आरोपी के बीच प्रेम संबंध थे और आरोपी उससे विवाह करना चाहता था, लेकिन जब उसे पता चला कि युवती की शादी कहीं और तय हो गई है तो वह आक्रोशित हो गया। इसी गुस्से और प्रतिशोध की भावना में उसने युवती की हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने घटना की रात मोटरसाइकिल से गांव पहुंचकर युवती से बातचीत की। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ा और आरोपी ने पहले लकड़ी से युवती का गला दबाया और फिर सरिया से उस पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने हत्या में इस्तेमाल सामान को नहर किनारे झाड़ियों में छिपा दिया और सिम कार्ड तोड़कर फेंक दिया ताकि वह पुलिस की पकड़ में न आ सके।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सरिया और लकड़ी का टुकड़ा भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।




