NH-730 पर दो बाइकों की टक्कर, युवक गंभीर घायल।

रिपोर्ट :- नीरज शर्मा
श्रावस्ती। इकौना थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 730 पर गोविंदपुर मोड़ के पास सोमवार की शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार इकौना थाना क्षेत्र के सौरूपुर निवासी ननके पुत्र स्वामी नाथ (32 वर्ष) किसी काम से इकौना बाजार आए हुए थे। सोमवार शाम बाजार से वापस अपने घर जाते समय जैसे ही वह गोविंदपुर मोड़ के पास पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ननके सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस (UP 32 FG 2313) मौके पर पहुंची। एंबुलेंस में तैनात ईएमटी महेश चंद्र मिश्रा एवं पायलट मन्नू मिश्रा ने घायल युवक को तत्काल इकौना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने घायल को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।




