
रिपोर्ट :- उज्जवल कुमार
साहिबगंज। जिले के लिए गर्व की बात है कि ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली प्रतिभाशाली खिलाड़ी नंदनी कुमारी का चयन 44वीं जूनियर राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता 2025–26 के लिए झारखंड राज्य टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 31 दिसंबर 2025 से 04 जनवरी 2026 तक बेंगलुरु (कर्नाटक) में आयोजित होगी।
नंदनी कुमारी पिता कामेश्वर सिंह बड़ी कोदरजन्ना साहिबगंज की निवासी हैं। वे एक ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आती हैं, लेकिन कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने खेल के जुनून, निरंतर अभ्यास और समर्पण से राष्ट्रीय स्तर तक पहचान बनाई है।

इस उपलब्धि पर जिला खो-खो संघ साहिबगंज के संरक्षक बजरंगी यादव, अध्यक्ष डॉ. रणजीत कुमार सिंह, सचिव जय प्रकाश सिन्हा, जिला खेल प्रशिक्षक आदित्य कुमार एवं बीरेन्द्र कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने नंदनी को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खो-खो प्रशिक्षक मुकेश कुमार, शिवनन्दन कुमार एवं सुमित कुमार ने कहा कि “नंदनी कुमारी ने खो-खो खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह सिद्ध किया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। एक ग्रामीण गरीब परिवार से होने के बावजूद उनके खेल के जुनून ने उन्हें राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।”
वहीं, इस अवसर पर जिला शिक्षा अधीक्षक सह जिला खेल पदाधिकारी श्री हरश कुमार ने भी नंदनी कुमारी को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “यह उपलब्धि न केवल साहिबगंज जिले बल्कि पूरे झारखंड राज्य के लिए गर्व का विषय है और इससे अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।


