
रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (सम्पादक)
बाराबंकी। थाना फतेहपुर क्षेत्र फतेहपुर रामनगर रोड स्थित साढ़ेमऊ बाजार में सोमवार को एक बैट्री ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट जाने से हुआ हादसा। हादसे में ई-रिक्शा पर सवार इनाया अंजुम (6 वर्ष), पुत्री इमामुद्दीन निवासी नूरपुर, महमूदाबाद (सीतापुर) और हाजिरा (45 वर्ष), पत्नी उबैदुर्रमान निवासी पैंतेपुर रिक्शा के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़े।
स्थानीय लोगों ने ई-रिक्शा को सीधा कर दोनों घायलों को बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहाँ डॉक्टरों की निगरानी में दोनों का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार मासूम इनाया को ज्यादा गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उसे विशेष निगरानी में रखा गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ई-रिक्शा बाजार क्षेत्र में अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया। बताया जा रहा है कि रिक्शा सवार लोग नीमच की ओर किसी काम से जा रहे थे। हादसे के समय रिक्शा में मौजूद अन्य यात्रियों को किसी तरह की चोट नहीं आई है।



