शहर होगा अतिक्रमणमुक्त, स्वच्छता पर दिया जाएगा विशेष ध्यान (डीएम) जिलास्तरीय वाणिज्य बंधु समिति की बैठक सम्पन्न।

रिपोर्ट :- शिवा वर्मा (सम्पादक)
बाराबंकी। जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी ने वाणिज्य बंधु समिति की बैठक में सम्बंधित अधिकारियों से फीडबैक लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र में लागू एकल दिशा वन वे मार्गों की व्यवस्था का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। नगर निकाय एवं यातायात पुलिस आपसी समन्वय से सतत निगरानी करें और आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्रवाई भी करते रहें। शहर में लगने वाले साप्ताहिक बाजारों की व्यवस्था पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ये बाजार केवल निर्धारित स्थलों पर ही संचालित हों ताकि यातायात बाधित न हो और आमजन को असुविधा न हो।
वाहन पार्किंग की समस्या पर हुई चर्चा।
शहर में पार्किंग की समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम नवाबगंज और ईओ नगर पालिका परिषद नवाबगंज को उपयुक्त स्थान चिन्हित करने
के निर्देश दिए। जिससे पार्किंग की समस्या का स्थाई हल निकल सके।
पोल पर लटकते तारों से शहर को मिलेगी निजात।
नगर पालिका व विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि शहर के प्रमुख चौराहों व मार्गों पर लटकते तारों और बीच सड़क में लगे विद्युत खंभों की पहचान कर उन्हें शिफ्ट करने की कार्यवाही शीघ पूरी कर ली जाए।
अवैध अतिक्रमण हटवाने के दिये निर्देश
जिलाधिकारी ने ईओ नगर पालिका परिषद नवाबगंज और उपजिलाधिकारी से कहा कि संयुक्त अभियान चलाकर शहर के प्रमुख चौराहों को अतिक्रमण मुक्त किया जाए। तमाम दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने अवैध अतिक्रमण कर रखा है जनता बार बार इसकी शिकायत करती है। इसके अलावा शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाने तथा नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने उपस्थित व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि वे प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर शहर को स्वच्छ व अतिक्रमणमुक्त बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें। उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था, बाजार प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा अतिक्रमण नियंत्रण को लेकर व्यापारियों से सुझाव भी आमंत्रित किए, ताकि जनसुविधा के अनुसार उचित समाधान लागू किए जा सकें।




